मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार, मुलाकात के दौरान फडणवीस ने राष्ट्रपति को नासिक और त्र्यंबकेश्वर में होने वाले समारोह के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, आदिवासी उद्यमिता, वस्त्र कला, कृषि संपन्नता और खानपान की विविधता को दर्शाने वाला विशेष उपहार सेट भी भेंट किया।
राष्ट्रपति को 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली गोदा आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया है। इस दिन ध्वजारोहण समारोह के साथ कुंभ मेला प्राधिकरण की वेबसाइट का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा कुंभ मेले के आधिकारिक गीत का विमोचन, आयोजन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन और विशेष डाक टिकट का अनावरण भी प्रस्तावित है।
इस मुलाकात के दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन एवं कुंभ मेला मंत्री तथा नासिक के पालकमंत्री गिरीश महाजन, स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे और खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा विशेष सहायता मंत्री नरहरि जिरवाल भी मौजूद रहे।














