लखनऊ, 21 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को नागपुर की अदालत ने ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से लखनऊ ला रही है। यहां पहुंचने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने बुधवार को बताया कि नौ अक्टूबर को हुई हत्या के मामले में मुख्य आरोपितों को लखनऊ पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। तीनों को नागपुर की जिला एवं सत्र अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों से मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी तरह से शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
नौ अक्टूबर को मिला था शव
कैफे संचालक शिवा शर्मा का शव नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में मिला था। यह फ्लैट श्रद्धा दुबे का बताया गया है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने अपने बेटे की हत्या का आरोप उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे पर लगाया था।
घटना के बाद श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और चालक दानिश के साथ फरार हो गई थी। आरोपितों के नेपाल में देखे जाने की जानकारी भी सामने आई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने उनकी तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और अंततः उन्हें नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में पुलिस अधिकारियों के भी हुए तबादले
मामले के चर्चित होने के बाद हजरतगंज के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा को पद से हटा दिया गया था। इसके अलावा संबंधित थाने के निरीक्षक को भी बदल दिया गया था। अब तीनों आरोपितों को लखनऊ लाकर पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।














