नई दिल्ली, 22 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही भारत और पोलैंड के आपसी सहयोग को मजबूत बनाने तथा नए अवसर तलाशने पर चर्चा होगी।
इससे पहले डोनाल्ड टस्क ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधीजी के शांति और अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की बातचीत का उद्देश्य आपसी संबंधों को और व्यापक बनाना तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशना है। प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हैं।
इससे पहले गुरुवार सुबह विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। बातचीत के बाद जयशंकर ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने को लेकर टस्क के विचार जानना अच्छा रहा।
पोलैंड के प्रधानमंत्री के तौर पर डोनाल्ड टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वे वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2017 में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भी उन्होंने नई दिल्ली का दौरा किया था।














