रांची, 22 अक्टूबर।
झारखंड के कई जिलों में 27 और 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में वर्षा हो सकती है। वहीं, 28 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान चाईबासा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह बोकारो में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा।














