कठुआ, 22 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सरकारी मिडिल स्कूल चक शेखां में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए कराटे क्लस्टर क्लब की शुरुआत की गई है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की इस पहल का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आत्मरक्षा के कौशल को विकसित करना है।
कराटे क्लब का उद्घाटन कार्यक्रम मुख्य अतिथि डीएसपी मुख्यालय कठुआ रविंदर सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार और जोनल शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमारी भी मौजूद रहे।
विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को कराटे का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे बच्चों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के साथ आत्मरक्षा की तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
जोन लखनपुर के शारीरिक शिक्षा शिक्षक गुरशरण कुमार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। इस क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।














