Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
झारखंड
22 Oct, 2026

रांची में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू, 29 टीमों के 432 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, जिसमें 29 टीमों के 432 खिलाड़ी 26 अक्टूबर तक 37 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

रांची, 22 अक्टूबर।

झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रगान के बाद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि तीरंदाजी केवल निशाना साधने का खेल नहीं है, बल्कि इसमें एकाग्रता, धैर्य, सटीकता और लक्ष्य के प्रति समर्पण की अहम भूमिका होती है। पुलिस सेवा में भी ये गुण जरूरी हैं। परिस्थितियों को समझकर सही निर्णय लेना और अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहना प्रभावी पुलिस व्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की।

गंगवार ने कहा कि झारखंड को तीरंदाजी के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान मिली है। यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उपलब्धियां हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेलों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने में योगदान दिया है।

राज्यपाल ने पुलिस को देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध रोकना और नागरिकों के जीवन तथा संपत्ति की सुरक्षा करना पुलिस के प्रमुख दायित्व हैं। बदलते समय में अपराधों के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक तरीकों और नए उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल आवश्यक है। पुलिस की भूमिका केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध रोकने और जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने में भी उसकी अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी को लेकर लोगों को सतर्क किया। राज्यपाल ने बताया कि यातायात चालान या अन्य जरूरी सूचनाओं के नाम पर मोबाइल पर संदिग्ध एपीके फाइल भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से ऐसी फाइलें नहीं खोलने और किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करने की अपील की। उनके अनुसार, साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के साथ जन-जागरूकता भी जरूरी है।

गंगवार ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक मजबूती, धैर्य, अनुशासन और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी महत्वपूर्ण है। नियमित खेलकूद और व्यायाम से शरीर तथा मन स्वस्थ रहते हैं। इससे कठिन परिस्थितियों में संयम और आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग को बेहतर पुलिस व्यवस्था का आधार बताया। नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी झारखंड पुलिस को मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजन विभिन्न राज्यों और पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर देते हैं। इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सद्भाव और टीम भावना को मजबूती मिलती है।

झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने अतिथियों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न राज्यों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों और समिति को बधाई देते हुए कहा कि तीरंदाजी पुलिस बल की परंपरा में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। यह खेल एकाग्रता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख देता है, जो पुलिस सेवा में भी उपयोगी हैं।

मिश्रा ने कहा कि अगले पांच दिनों तक देशभर से आए खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने जोर दिया कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्व अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

झारखंड सशस्त्र पुलिस की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रिया दूबे ने राज्यपाल, गृह सचिव, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिनिधियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि झारखंड वर्ष 2013 और 2016 में भी अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुका है।

इस बार प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें विभिन्न राज्यों के पुलिस संगठनों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की कुल 29 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में 432 खिलाड़ी अपनी तीरंदाजी प्रतिभा दिखाएंगे और कुल 37 स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक पंकज कंबोज, अजय लिंडा, मयूर पटेल, नरेंद्र कुमार सिंह, प्रभात कुमार, क्रांति कुमार गढ़देशी, अनूप बिरथरे, माइकल राज एस, शैलेंद्र सिन्हा और असीम विक्रांत मिंज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उपमहानिरीक्षक चंदन सिन्हा, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

|
वीडियो फीचर

एशियन पैरा गेम्स 2026 में निरंजन मुकुंदन ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया गौरव


एशियन पैरा गेम्स में भारत का डबल धमाका, प्रवीण को गोल्ड तो बंटी को सिल्वर

बरगलाने वालों, देश का युवा जागरूक है! 🇮🇳 | कांग्रेस और CJP पर सवाल

एम्स भोपाल की 2 युवा शोधकर्ता स्पेन में करेंगी भारत का नाम रोशन, कुष्ठ रोग पर पेश करेंगी शोध

मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम: तनावमुक्त जीवन का संदेश | मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी

मंत्री प्रहलाद पटेल और राधा सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश #mpnews

आज का राशिफल

मित्तव्ययता रखें क्योंकि रुपये-पैसों की सुविधा आगे मिले न मिले। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। संतोष रखने से सफलता मिलेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बना रहेगा। बचते-बचते कलह विवाद का डर बना रहेगा। शुभांक-4-5-7

आज का मौसम

भोपाल

17° / 33°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़