नई दिल्ली, 25 सितंबर।
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 145 अंक और निफ्टी करीब 20 अंक ऊपर रहा।
बीते सत्र की तेज गिरावट के बाद सेंसेक्स 148.41 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,728.95 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। निफ्टी भी 24.30 अंक यानी 0.11 प्रतिशत चढ़कर 23,087.40 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में तेजी रही। इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी के शेयर दबाव में रहे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.99 प्रतिशत घटकर 105.5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख के बीच रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे मजबूत होकर 95.85 के स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 73,580.54 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई और यह 23,063.10 के स्तर पर बंद हुआ था।














