किंशासा, 26 सितंबर।
मध्य अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा पेश आया, जिसमें सैन्य अधिकारियों और जवानों समेत कम से कम 14 लोगों की जान चली गई। प्राप्त विवरण के अनुसार, यह विमान किकविट शहर से उड़ान भरकर राजधानी किंशासा की ओर जा रहा था, तभी इसमें अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई। विमान के पायलट ने क्वांगो प्रांत के केंगे इलाके में आपातकालीन लैंडिंग कराने का प्रयास किया, किंतु वहां हवाई पट्टी न होने के कारण विमान सीधे एक घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में जा गिरा।
क्वांगो के उप राज्यपाल रेमी साकी बोकिंडा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में रनवे का अभाव इस बड़ी दुर्घटना का मुख्य कारण बना। सेना के प्रवक्ता मेजर-जनरल एफोमी एकेन्गे ने जानकारी दी कि इस हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी है। आग लगने के कारण बारह शव इस बुरी तरह झुलस चुके थे कि उनकी शिनाख्त करना बेहद कठिन हो गया था, जबकि पायलट का शव मलबे से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। मृत यात्रियों में सेना के जवानों और नागरिकों के अलावा उच्च पदस्थ जनरलों के साथ यात्रा कर रहे शासकीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी शामिल हैं। फिलहाल प्रशासन ने इस भीषण दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।













