बीजिंग, 08 अक्टूबर।
भारत की मानुष शाह और मानव ठक्कर की जोड़ी ने डब्ल्यूटीटी चीन स्मैश 2026 के पुरुष युगल सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में चीन के लियांग जिंगकुन और शियांग पेंग को महज 19 मिनट में सीधे गेमों में 3-0 से शिकस्त दी। मानुष और मानव ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 11-9 से पहला गेम अपने नाम किया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने अपनी बढ़त को और मजबूत करते हुए दूसरा गेम 11-5 और तीसरा गेम 11-4 से जीत लिया। लगातार तीन गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।
सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी के सामने स्वीडन के एंटोन कालबर्ग और क्रिस्टियन कार्लसन तथा दक्षिण कोरिया के लिम जोंगहून और ओ जुनसोंग के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता की चुनौती होगी। मानुष शाह के लिए टूर्नामेंट का दिन यहीं खत्म नहीं होगा, क्योंकि वह मिश्रित युगल सेमीफाइनल में भी कोर्ट पर उतरेंगे। मिश्रित युगल में मानुष शाह और दिया चिताले की जोड़ी का सामना चीनी ताइपे की लिन युन-जू और चेंग आई-चिंग की जोड़ी से होगा। इस तरह मानुष के पास डब्ल्यूटीटी चीन स्मैश 2026 में दो अलग-अलग वर्गों के फाइनल में पहुंचने का मौका है।











