रायपुर, 22 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस चालक सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 39 से 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में लगभग 15 की हालत गंभीर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस दोपहर करीब दो बजे मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही थी। ढलान पर बस की गति तेज होने के दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे पेड़ से जा टकराई। शुरुआती जानकारी में स्टीयरिंग या ब्रेक में खराबी की आशंका जताई गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों में बच्चियां भी शामिल
पुलिस और अस्पताल प्रशासन से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में तीन पुरुष और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। मृतकों में नौ और 12 वर्ष की दो बच्चियों के होने की जानकारी दी गई है। बस मालिक सिपाही लाल का नाम भी मृतकों में बताया गया है। मृतकों में चार के केल्हारी क्षेत्र और एक के चिरमिरी का निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और प्रारंभिक प्रशासनिक रिपोर्टों के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के समय बस में 46 यात्रियों के मौजूद होने की पुष्टि की गई है।
करीब 15 घायलों की हालत गंभीर
सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मुताबिक, घायलों की संख्या करीब 39 से 40 तक पहुंच गई है। गंभीर रूप से घायल लगभग 15 यात्रियों को मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, करीब 10 यात्रियों का केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शशिशेखर मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।














