कांकेर, 22 अक्टूबर।
जिले के आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए अब अनुभाग स्तर पर भी जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कांकेर कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार नियमित रूप से जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसकी शुरुआत 23 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से संबंधित अनुभाग मुख्यालयों में होगी।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनदर्शन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा। इसमें अनुभाग के सभी विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। ग्रामीणों और आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर सीधे और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनदर्शन में मिलने वाले प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीयन किया जाएगा। इसमें आवेदक का नाम, शिकायत का विषय, संबंधित विभाग और निराकरण की स्थिति का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा।
लंबित आवेदनों की होगी समीक्षा
प्रत्येक जनदर्शन में पहले से लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की जाएगी। काम में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनदर्शन समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों, मौके पर निराकृत प्रकरणों और लंबित मामलों की विस्तृत रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।
बिना सूचना जनदर्शन में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। प्रशासन ने इस व्यवस्था की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए नगरीय निकायों और पंचायतों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।














