एनआईए ने सहारनपुर के पीएनबी करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट में जाली भारतीय नोट पहुंचाने की साजिश के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी अजय कुमार और हिमाचल प्रदेश के मनाली निवासी हरीश रौंटा के रूप में हुई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, अजय कुमार को 16 अक्टूबर को अंबाला से गिरफ्तार किया गया, जबकि हरीश रौंटा को 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से पकड़ा गया। दोनों पर बड़ी मात्रा में जाली भारतीय नोटों की छपाई और उनकी आपूर्ति की साजिश में अहम भूमिका निभाने का आरोप है।जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अन्य सह-आरोपियों के माध्यम से सहारनपुर स्थित पीएनबी के करेंसी चेस्ट तक जाली नोट पहुंचाने में शामिल थे। वे इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों के करीबी सहयोगी बताए जा रहे हैं।करेंसी चेस्ट से मिले थे 17.29 करोड़ के जाली नोटसहारनपुर जिले के सदर बाजार थाने को 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि पीएनबी के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद हुए हैं। इसके बाद बैंक के तीन कर्मचारियों की कथित संलिप्तता सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 178 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने 3 सितंबर को जांच अपने हाथ में लेकर नए सिरे से प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद से एजेंसी जाली नोटों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।पहले भी पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारीएनआईए इससे पहले सितंबर में 7, 15, 20 और 22 तारीख को कार्रवाई कर प्राथमिकी में नामजद अमित कुमार के अलावा आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंद्र और नीतू को गिरफ्तार कर चुकी है।जांच एजेंसी के मुताबिक, इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।