जयपुर, 23 अक्टूबर।
राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायसर थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के आगरा से खाटूश्यामजी के दर्शन करने आए चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक रामकिशन विश्नोई के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे हुआ। सभी युवक कार में सवार होकर खाटूश्याम के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गाड़ी में सवार अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं इस दुर्घटना में राहुल और अर्पित बुरी तरह जख्मी हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। गहरी खाई में कार गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों युवकों को तुरंत उपचार के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।














