आइची-नागोया, 23 अक्टूबर।
भारत की दिग्गज पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने पैरा एशियाई खेल-2026 में शुक्रवार को एक और नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वहीं भारत की ही स्टार निशानेबाज अवनि लेखरा चौथे स्थान पर रहकर पदक से चूक गईं।
मोना ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच-1 स्पर्धा के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 357.5 अंक दर्ज किए और नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
चीन की झांग कुइपिंग ने 353.7 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया। दक्षिण कोरिया की किम मियॉन्ग 344.4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें कांस्य पदक मिला।
स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाने वाली मोना ने चीन की झांग के खिलाफ 3.8 अंकों की निर्णायक बढ़त बनाई।
इससे पहले उन्होंने खेलों के पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में भी स्वर्णिम सफलता हासिल की थी। उस मुकाबले में मोना ने 250 अंक हासिल कर एशियाई पैरा खेलों का नया कीर्तिमान स्थापित किया था।
उन्होंने हांगझोऊ में वर्ष 2023 के दौरान अवनी लेखरा द्वारा बनाए गए 249.6 अंकों के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त किया था।
इसी स्पर्धा के खिताबी दौर में हिस्सा ले रहीं भारत की दूसरी निशानेबाज अवनी लेखरा चौथे स्थान पर रहीं।
अवनि प्रोन पोजिशन तक शीर्ष दो खिलाड़ियों में मजबूती से बनी हुई थीं, लेकिन स्टैंडिंग सीरीज में अंक फिसलने की वजह से वे पदक की रेस से बाहर हो गईं।
मोना की इस ऐतिहासिक दोहरी स्वर्णिम कामयाबी से पैरा एशियाई खेलों में भारत के कुल पदक अभियान को बहुत मजबूती मिली है।
उल्लेखनीय है कि उद्घाटन के दिन 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में मोना और अवनि ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल कर देश को दोहरी खुशी का अवसर दिया था।











