भोपाल, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का भव्य आगाज करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में देश-विदेश की प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग जगत के दिग्गज, शिक्षाविद और नए स्टार्टअप्स के सदस्य भाग लेंगे।
जनसंपर्क विभाग की अधिकारी जूही श्रीवास्तव के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर प्रदेश को सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रस्तुत करेंगे। वे वहां आयोजित विशाल प्रदर्शनी का जायजा लेने के साथ-साथ इस क्षेत्र के शीर्ष निवेशकों और कंपनी प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद के लिए व्यक्तिगत बैठकें भी आयोजित करेंगे। इन चर्चाओं का मुख्य केंद्र प्रदेश में पूंजी निवेश, तकनीकी आदान-प्रदान और उद्योग के सर्वांगीण विकास के रास्ते खोजना रहेगा।
इस दो दिवसीय समिट के दौरान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, चिप डिजाइनिंग, एडवांस पैकेजिंग-टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, रिसर्च तथा दक्ष कार्यबल के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहराई से विमर्श किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम में 8 पैनल सत्र, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त 50 से अधिक दिग्गज संस्थान प्रदर्शनी के जरिए अपने तकनीकी नवाचारों और समाधानों को प्रदर्शित करेंगे।
सम्मेलन के पहले दिन प्रदेश को पैकेजिंग और टेस्टिंग के केंद्र के रूप में ढालने, फैबलेस इकोसिस्टम के निर्माण तथा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विषय विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस प्रोडक्ट्स और बौद्धिक संपदा क्षेत्र की कंपनियों सहित नामचीन शिक्षण संस्थानों के कुलपतियों के साथ विशेष राउंडटेबल वार्ताएं आयोजित होंगी, जिनका उद्देश्य उद्योग और शिक्षा जगत में बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
द्वितीय दिवस पर चिप टेक्नोलॉजी, एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइनिंग सेवाओं, शोध एवं विकास तथा नई प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। साथ ही फोटोनिक्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘मध्य प्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के अंतिम चरण में पहुंचे विजेताओं का समापन सत्र में अभिनंदन किया जाएगा।
प्रदर्शनी में 50 से अधिक टेक कंपनियां चिप डिजाइन, उपकरण निर्माण, कच्चा माल और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी, जिससे निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को आपसी नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में पूंजी निवेश को रफ्तार देने के लिए ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025’ को पहले ही अपनी मंजूरी दे दी है।













