भोपाल, 23 अक्टूबर।
राजधानी भोपाल में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई मित्रों द्वारा सुबह 6 बजे से किए जा रहे कार्यों पर संतोष जताया, लेकिन स्पष्ट किया कि सफाई केवल झाड़ू लगाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, रोटरी और नालियों से धूल-मिट्टी व कचरा पूरी तरह हटाया जाए। उन्होंने बाजारों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
न्यू मार्केट से छह नंबर स्टॉप तक निरीक्षण
निगम आयुक्त ने न्यू मार्केट, जैन मंदिर, सेकंड स्टॉप, प्लेटिनम प्लाजा, शिवाजी नगर के पांच नंबर स्टॉप, व्यापम चौराहा और छह नंबर स्टॉप सहित कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने रोड स्वीपिंग मशीन और जेट स्प्रे मशीन सहित सफाई में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
न्यू मार्केट में स्टेट बैंक के सामने पार्किंग स्थल से कचरा और मिट्टी हटाने के निर्देश दिए। बाजार क्षेत्र में फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज और रोटरी के किनारों पर पानी का छिड़काव कर धूल साफ कराने को कहा। सेकंड स्टॉप स्थित जैन मंदिर के सामने सफाई कराकर कचरा तत्काल उठाने के निर्देश भी दिए।
फुटपाथों से सामान हटाने पर जोर
आयुक्त ने दुकानों के सामने फुटपाथों पर बने शेड और रखे सामान को हटवाकर पैदल यात्रियों के लिए रास्ता सुगम बनाने पर जोर दिया। प्लेटिनम प्लाजा के पास उद्यान और सेंट्रल वर्ज को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। पांच नंबर पेट्रोल पंप के सामने सेंट्रल वर्ज के किनारे जमा मिट्टी को उन्होंने स्वयं फावड़े से हटवाकर सफाई की गुणवत्ता पर ध्यान देने का संदेश दिया।
पांच नंबर स्थित तालाब की सफाई कराने, ट्रांसफार्मर के नीचे जमा गंदगी हटाने और वहां रखे गमलों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। व्यापम चौराहे से पालिका भवन और नूतन कॉलेज तक सड़क किनारे जमा धूल-मिट्टी हटाने तथा नालियों की नियमित सफाई कराने को कहा।
दुकानदारों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
छह नंबर स्टॉप स्थित हॉकर्स कॉर्नर में आयुक्त ने दुकानदारों से बातचीत कर सफाई बनाए रखने की समझाइश दी। उन्होंने दुकानों के सामने दो-दो गमले रखने, फुटपाथों पर अनावश्यक सामान नहीं रखने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का भी जायजा
आयुक्त ने अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में कचरे के पृथक्कीकरण और निष्पादन की प्रक्रिया देखी। उन्होंने कबाड़ सामग्री से उपयोगी गमले तैयार करने और बड़े गमलों में बड़े पौधे लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता और अतिक्रमण दस्ते के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित निगरानी, समय पर कचरा उठाने, नालियों की सफाई और बाजारों में रात्रिकालीन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।














