नई दिल्ली, 23 अक्टूबर।
सोशल मीडिया पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपी कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को तीस हजारी कोर्ट ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की छह दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की थी। पुलिस ने आमिर शौकीन को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहाँ से उन्हें नियमित अदालत में सुनवाई के लिए कल फिर पेश करने का आदेश दिया गया है। इस संबंध में सदर बाजार पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज हुआ है।
वहीं, त्रिपुरा पुलिस ने भी इस मामले में न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में अलग से केस दर्ज किया है। त्रिपुरा के व्यक्ति पर अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े इस वायरल वीडियो को आरोपी ने एक महीने पहले अहमदाबाद में बनाया था। त्रिपुरा पुलिस की टीम दिल्ली पहुँच चुकी है और आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है।














