भोपाल, 23 अक्टूबर।
राजधानी के परवलिया थाना क्षेत्र में जर्जर भवन की दीवार गिरने से मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। हादसा 17 अक्टूबर को हुआ था। जांच में भवन तोड़ने के दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जाने की बात सामने आई है।काम शुरू करते ही भरभराकर गिरी दीवार
पुलिस के मुताबिक, ग्राम झिरनिया निवासी 45 वर्षीय रतनलाल पुत्र मांगीलाल सिसोदिया मजदूरी करता था। 17 अक्टूबर को वह साथी मजदूरों के साथ होंडा शोरूम के पास स्थित एक जर्जर भवन को तोड़ने पहुंचा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसने काम शुरू ही किया था कि अचानक दीवार भरभराकर गिर गई।
दीवार के मलबे की चपेट में आने से रतनलाल की मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी।
सुरक्षा इंतजाम नहीं करने का आरोप
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि भवन तोड़ने के काम के दौरान ठेकेदार की ओर से सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी लापरवाही के कारण मजदूर हादसे का शिकार हुआ। जांच के आधार पर पुलिस ने बीडीए कॉलोनी, कोहेफिजा निवासी ठेकेदार अली अब्बास के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।














