भोपाल, 23 अक्टूबर।
राजधानी के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के कानासैया गांव में गुरुवार शाम एक युवक ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।दुकान में लगाया फंदा
बिलखिरिया थाना पुलिस के मुताबिक, कानासैया निवासी 23 वर्षीय मोहित ठाकुर भवन निर्माण सामग्री बेचने का काम करता था। इसके लिए उसने सत्यपाल सिंह ठाकुर की दुकान किराए पर ले रखी थी। गुरुवार शाम करीब छह बजे मोहित ने दुकान के अंदर फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दुकान की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिससे युवक के इस कदम के पीछे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
परिवार के लोगों के बयान लेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार, युवक के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे। परिजनों से पूछताछ के बाद आत्महत्या के कारणों के संबंध में जानकारी मिलने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।














