भोपाल, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 25 अक्टूबर को ‘हीलिंग फॉर वर्ल्ड पीस 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। अनंत ऊर्जा सफर की इस पहल का उद्देश्य व्यक्तिगत शांति के माध्यम से विश्व शांति और सामूहिक कल्याण का संदेश देना है। ‘जीव-जगत-जगदीश्वर’ की थीम पर आधारित कार्यक्रम में योग, ध्यान, ऊर्जा हीलिंग, कथा और आधुनिक दृश्य-श्रव्य तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।
360 डिग्री इमर्सिव अनुभव होगा खास आकर्षण
कार्यक्रम में 360 डिग्री इमर्सिव विजुअल एक्सपीरियंस की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत हॉल की छत और चारों दीवारों पर विशेष दृश्य दिखाए जाएंगे। प्रतिभागी हेडफोन के माध्यम से ऑडियो सुनते हुए योग, ध्यान और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
आयोजन में योगिनी आर्विका गुप्ता, ऊर्जा गुरु आयुष गुप्ता और कथावाचिका पलक किशोरी प्रमुख रूप से शामिल होंगे। योग और ध्यान के मार्गदर्शन के साथ ऊर्जा हीलिंग, साधना और कथा-जैमिंग के जरिए लोगों को आत्मचिंतन तथा आंतरिक शांति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जीव-जगत-जगदीश्वर की अवधारणा पर जोर
कार्यक्रम की केंद्रीय थीम सनातन दर्शन में जीव, संसार और परम चेतना के आपसी संबंध को सामने रखती है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य लोगों में शांति, करुणा, सजगता और संतुलन की भावना को प्रोत्साहित करना है। यह पहल व्यक्तिगत जीवन के साथ परिवार, समाज, प्रकृति और संपूर्ण सृष्टि के कल्याण का संदेश भी देगी।
आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों के ऑफलाइन और ऑनलाइन जुड़ने की उम्मीद जताई है। अलग-अलग शहरों और देशों के प्रतिभागियों को एक साझा संकल्प के माध्यम से जोड़ने की योजना है।
भोपाल को वैश्विक शांति पहल से जोड़ने की योजना
अनंत ऊर्जा सफर की परिकल्पना है कि भोपाल को योग, ध्यान, आत्म-अन्वेषण और विश्व शांति से जुड़ी गतिविधियों के लिए एक प्रेरणादायक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसी उद्देश्य से ‘हीलिंग फॉर वर्ल्ड पीस’ कार्यक्रम को हर साल भोपाल में आयोजित करने और विभिन्न देशों तथा संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने की योजना बताई गई है।
इस आयोजन को दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक दिलीप सूर्यवंशी का मार्गदर्शन और सहयोग मिलने की जानकारी दी गई है। सेज यूनिवर्सिटी के संजीव अग्रवाल सहित विभिन्न संस्थानों और संगठनों का भी इसमें योगदान बताया गया है।
सहयोगियों में सेज यूनिवर्सिटी, मानसरोवर कॉलेज, एलएनसीटी, सागर ग्रुप, ताज लेकफ्रंट, मध्य प्रदेश पर्यटन, मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग और अन्य संस्थान शामिल हैं। ‘एक समय, एक संकल्प, एक इंटेंशन’ के संदेश के साथ यह आयोजन आंतरिक शांति और वैश्विक सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।














