राजगढ़, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने घर से पानी की मोटर चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत ने शुक्रवार को बताया कि 15 अक्टूबर की रात कड़ियासांसी गांव निवासी दीपक सिसोदिया के घर से अज्ञात व्यक्ति पानी की मोटर चोरी कर ले गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(4) और 331(ए) के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने गांव के ही सोनू पुत्र लखपत सासी को हिरासत में लिया।
चोरी की मोटर बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित ने पानी की मोटर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत की मोटर बरामद कर ली गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।














