जयपुर, 23 अक्टूबर।
बाइक को पीछे से मारी टक्कर
एएसआई रामावतार के अनुसार, भांकरोटा निवासी दिनेश कुमार माली (26) बुधवार देर रात करीब एक बजे चाकसू से बाइक पर अपने घर लौट रहा था। चाकसू कट के पास एक गाड़ी उसके पीछे लग गई। कुछ दूरी पर अयोध्या नगरी के पास गाड़ी सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दिनेश बाइक सहित सड़क पर गिर गया।
आंखों पर कपड़ा बांधकर गाड़ी में डाला
आरोप है कि गाड़ी से उतरे चार नकाबपोश बदमाशों ने दिनेश के साथ मारपीट की। इसके बाद उसकी आंखों पर कपड़ा बांधकर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। बदमाश चलती गाड़ी में भी उसके साथ मारपीट करते रहे। बाद में उसे सुनसान जगह ले जाकर उसकी जेब में रखे 1.08 लाख रुपये छीन लिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
लूट की वारदात के बाद बदमाश दिनेश को सड़क किनारे फेंककर भाग गए। पीड़ित किसी तरह खुद को संभालते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचा और राहगीरों की मदद से शिवदासपुरा थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गाड़ी सवार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान और तलाश के लिए जांच की जा रही है।














