भोपाल, 23 अक्टूबर।
ताजुल मसाजिद की सीढ़ियों के सामने चाय की दुकान पर 25 वर्षीय आलिन के साथ मारपीट के मामले में शाहजहानाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उमर उर्फ ट्रैक्टर, दानिश और जैद को देर रात सिंधी कॉलोनी के पास से पकड़ा। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर भी लेकर पहुंची।
लोहे की पाइप और डंडों से हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। प्राथमिकी के मुताबिक, आलिन अपने दोस्त समीर उर्फ गब्बर के साथ एलबीएस रोड स्थित कॉफी हाउस पर चाय पीने पहुंचा था। इसी दौरान एक ऑटो से उमर उर्फ ट्रैक्टर, जैद और उनके अन्य साथी उतरे और आलिन के साथ मारपीट करने लगे।
समीर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लोहे की पाइप और प्लास्टिक के डंडों से हमला किया। जैद पर चाकू से आलिन के पैर और पेट पर वार करने का आरोप भी है। बीच-बचाव करने पहुंचे समीर के साथ भी मारपीट की गई।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद चर्चा में आया मामला
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। फुटेज में कुछ लोग एक युवक को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(1) भी शामिल है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। फिलहाल वे रिमांड पर हैं। पुलिस अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।














