गुवाहाटी, 23 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक सेवा भवन में कैबिनेट बैठक संपन्न हुई, जिसमें कई ऐतिहासिक निर्णयों पर मुहर लगाई गई। बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के लिए राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाली हस्तियों के नामों का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने महान संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के भव्य समापन समारोह की संपूर्ण जानकारी भी मीडिया के सामने रखी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार इस बार सुप्रसिद्ध गायिका ऊषा मंगेशकर को दिया जाएगा। 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं उन्हें 10 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में असम के करीब 1,000 कलाकार कालजयी गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिनमें मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और शंकर महादेवन भी अपनी सुरमयी भागीदारी दर्ज कराएंगे।
राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान में असम वैभव पुरस्कार डॉ. हर्ष भट्टाचार्य को देने का निर्णय हुआ है। वहीं असम सौरव के लिए डॉ. कुशल कोंवर शर्मा, नुरुद्दीन अहमद, पुलक बनर्जी और पूर्णिमा देवी बर्मन का चयन किया गया है। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान हेतु 10 हस्तियों को असम गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा।














