भोपाल, 23 अक्टूबर।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की एथलीट अर्चिता चौहान ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।
5000 मीटर दौड़ में हासिल किया तीसरा स्थान
अर्चिता चौहान ने बालिका अंडर-20 वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 मिनट 36.25 सेकंड में दौड़ पूरी की और तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के पहले दिन उन्होंने अपनी गति और सहनशक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतना अर्चिता की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
मंत्री विश्वास सारंग ने दी बधाई
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अर्चिता को पदक जीतने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नई उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।














