गुवाहाटी, 23 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सालभर लंबे समारोहों के भव्य समापन आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 29 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और महान सांस्कृतिक विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नया 'भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका पुरस्कार' प्रदान करेंगे।
शुक्रवार को दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में शताब्दी समारोह समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रबंधों का विवरण लिया। लगभग 5,000 अतिथियों की उपस्थिति वाले इस समापन अवसर पर कविता कृष्णमूर्ति, शंकर महादेवन और श्रेया घोषाल जैसे प्रख्यात गायक अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धांजलि देंगे।
बैठक में डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि ब्रह्मपुत्र के बार्ड नाम से चर्चित कलाकार के मानवता और विश्व बंधुत्व के संदेश को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए इस आयोजन को भव्य बनाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगू, राजस्व मंत्री केशव महंत, अन्य कैबिनेट सहयोगी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।














