धार, 24 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को धार जिले के सरदारपुर स्थित खेल परिसर में 2,387.60 करोड़ रुपये की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से धार और झाबुआ जिलों के 260 गांवों में फैली 57,422 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को निर्बाध सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। योजना के तहत धार जिले की सरदारपुर तहसील के 66 गांवों की 25,422 हेक्टेयर भूमि तथा झाबुआ जिले की विभिन्न तहसीलों के 194 गांवों की 32,000 हेक्टेयर भूमि में पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उपज में भारी वृद्धि होगी।
इस परियोजना की मुख्य विशेषता भूमिगत पाइप नहर प्रणाली है, जिसके जरिए 2.5 हेक्टेयर के चक तक 20 मीटर के दबाव से पानी की आपूर्ति होगी। इस अत्याधुनिक व्यवस्था से किसान आसानी से ड्रिप व स्प्रिंकलर तकनीक अपना सकेंगे और बिना जमीन समतल किए पानी का अधिकतम सदुपयोग संभव हो सकेगा। योजना के क्रियान्वयन के लिए धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम चंदनखेड़ी के पास नर्मदा नदी से 186.62 मिलियन घन मीटर जल का उद्वहन किया जाएगा, जिसके संचालन हेतु 102.30 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होगी।













