शिमला, 24 अक्टूबर।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है। पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम बालूगंज थाना क्षेत्र के शोघी के पास बस को जांच के लिए रुकवाया। तलाशी के दौरान सुन्नी निवासी पंकज शर्मा (24) के कब्जे से लगभग नौ ग्राम और पियूष चौहान (21) के पास से करीब आठ ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने इस मामले में बालूगंज थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपितों को चिट्टा कहां से मिला और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े संभावित संपर्कों और अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।














