नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।
केंद्र सरकार ने देशभर में 11 करोड़ किसान आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच महीने पहले हासिल कर लिया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो संदेश के जरिए यह जानकारी साझा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार मार्च 2027 तक यह लक्ष्य पूरा किया जाना था, लेकिन 23 अक्टूबर की रात तक ही 11 करोड़ किसान आईडी तैयार करने की उपलब्धि हासिल कर ली गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों की पहचान को डिजिटल रूप से प्रमाणित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उन तक पहुंचाना है। किसान आईडी के माध्यम से पात्र किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने में सुविधा मिलेगी और लाभ वितरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनाई जा सकेगी।
किसान आईडी से किसानों को बैंक ऋण प्राप्त करने, फसल बीमा का लाभ लेने, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत सहायता हासिल करने और अपनी उपज बेचने जैसी गतिविधियों में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था से वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से खेती से जुड़ी प्रक्रियाएं सरल और अधिक कुशल बनेंगी। उन्होंने इस लक्ष्य को समय से पहले पूरा करने में योगदान देने वाले केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों और जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बधाई दी और उनका आभार जताया।














