कठुआ, 24 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में लखनपुर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा के समीप चेकिंग के दौरान गोवंश तस्करी के दो बड़े प्रयासों को निष्फल कर दिया। पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग ट्रकों से कुल 55 गोवंशों को मुक्त कराने में सफलता हासिल की है। पहली कार्रवाई के अंतर्गत पंजाब की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें क्रूरतापूर्वक भरे गए 30 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने मौके से वाहन में सवार मढ़ (जम्मू) निवासी मोहम्मद फरीद और सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी मोहम्मद मुजम्मिल को गिरफ्तार करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
इसी क्रम में की गई दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब दिशा से आ रहे एक अन्य संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया, परंतु उसका चालक अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर भाग निकला। जब उक्त वाहन की जांच की गई तो उसमें से भी 25 गोवंशों को मुक्त कराया गया। पुलिस ने इस वाहन को भी कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की धरपकड़ के लिए मामला दर्ज कर गहन जांच आरंभ कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के माध्यम से तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।














