लखनऊ, 24 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 में आरक्षण विसंगतियों के निवारण और योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति दिए जाने की मांग को लेकर पिछड़े तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। लखनऊ के ईको गार्डन में धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का आंदोलन शनिवार को 54वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों ने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि शासन द्वारा 25 अक्टूबर 2026 तक भर्ती प्रक्रिया का नया कार्यक्रम या विभागीय विज्ञप्ति जारी नहीं की जाती है, तो वे 26 अक्टूबर से आमरण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे बीते 01 सितंबर 2026 से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और बेसिक शिक्षा मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं व विभागीय अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत करा चुके हैं। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा 07 जुलाई 2026 को दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों ने कहा कि 53 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी भर्ती सारणी पर स्थिति स्पष्ट न होना चिंताजनक है। अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा विभाग से तुरंत ठोस कदम उठाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में भूख हड़ताल से उत्पन्न होने वाली किसी भी गंभीर परिस्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग की होगी।














