लखनऊ, 24 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान सामने आई धांधली की शिकायतों के बाद तीन मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान कराने की सिफारिश की गई है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव भेज दिए जाने के बाद अब अंतिम निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के पाले में है। जिन मतदान केंद्रों के लिए दोबारा वोटिंग की संस्तुति की गई है, उनमें तहसील परिसर खेरागढ़ (कक्ष सं. 1), क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया (कक्ष सं. 1) और क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद (कक्ष सं. 1) शामिल हैं।
यह कदम समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद उठाया गया है। एमएलसी चुनाव के दौरान सपा उम्मीदवार ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों पर बूथ कैप्चरिंग और व्यापक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कमिश्नर दफ्तर में अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 5 खंड स्नातक और 6 खंड शिक्षक क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया जारी है, जिस पर इस सिफारिश के बाद निर्वाचन आयोग का फैसला आना बाकी है।














