कानपुर, 24 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र की शिवनगर डूडा कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय विक्रम सिंह की ड्यूटी के दौरान भारी लोहे का गेट गिरने से मौत हो गई। वह पिछले करीब तीन महीने से पनकी के बी-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे फ्लैट में रहने वाला एक युवक कार लेकर पहुंचा तो विक्रम ने गेट खोलकर उसे अंदर जाने दिया। इसके बाद जब वह गेट बंद कर रहे थे, तभी उसमें खराबी आ गई। गेट को दोबारा खोलने के लिए धक्का देते समय करीब चार क्विंटल वजनी लोहे का गेट उनके ऊपर गिर पड़ा। उसके नीचे दबे विक्रम ने मदद के लिए आवाज लगाई। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। शनिवार सुबह करीब पांच बजे परिजनों को उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। परिवार के सदस्य वहां पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। विक्रम अपने पीछे पत्नी सोनी सिंह, तीन बेटियां पूजा, संगीता और अंकिता तथा बेटे दीपक सिंह को छोड़ गए हैं।
मृतक के बेटे दीपक ने फ्लैट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गेट पिछले करीब 10 दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा था और इसकी जानकारी कई बार संबंधित व्यक्ति को दी गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। परिजनों के मुताबिक, समय रहते गेट ठीक करा दिया जाता तो हादसा टल सकता था। दीपक ने यह भी बताया कि गुरुवार को रात की ड्यूटी के दौरान उनके पिता का मोबाइल फोन चोरी हो गया था और शिकायत करने पर नया फोन दिलाने का आश्वासन दिया गया था। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।














