भोपाल, 24 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार दोपहर भानपुर ब्रिज के पास थिंक गैस की पाइपलाइन में आग लग गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पास में बिछी टेलीकॉम केबल भी प्रभावित हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। भानपुर ब्रिज के पास मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के समय गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और लीकेज के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पाइपलाइन में आग लगने के बाद लपटें तेजी से ऊपर उठने लगीं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से दूर किया। आग के कारण आसपास मौजूद टेलीकॉम केबल भी प्रभावित हुईं।
गैस सप्लाई बंद कर आग पर पाया काबू
सूचना मिलने पर छोला फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर पंकज यादव सहित दमकलकर्मियों ने आग बुझाने की कार्रवाई की। बताया गया कि गैस कंपनी से पाइपलाइन की सप्लाई बंद कराई गई, जिसके बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारण, टेलीकॉम केबल को हुए नुकसान और किसी के घायल होने के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद निर्माण कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।














