गुवाहाटी, 24 अक्टूबर।
असम में मतदाता सूची की निगरानी और योग्य नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस ने सभी 31,486 मतदान केंद्रों और 669 नगरपालिका वार्डों में ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करने की घोषणा की है। पार्टी ने कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी की।
गुवाहाटी के राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया पर चिंता जताई। पूर्व विधायक सत्यब्रत कलिता ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से प्रपत्र-6 भरकर पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कलिता ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, शिकायतों की सीमा और पंजीकरण प्रक्रिया में आ रही परेशानियों पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से इस्तीफा देने और संशोधित सूची के आधार पर चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने जुबीन गर्ग की मौत की जांच पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस महासचिव बिपुल गोगोई ने बताया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान असम के सभी 35 जिलों और 301 विकासखंडों में चलाया जा रहा है। इसके लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। ‘वोट रक्षक’ पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने, गलत तरीके से नाम हटाए जाने की शिकायतों और संदिग्ध प्रविष्टियों पर नजर रखेंगे।














