उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में अफजलगढ़ पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान पर छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखों के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने मौके से रहीस नाम के आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने और जमा करने की सूचना मिली थी। इसके बाद उपनिरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपित को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को 50 किलोग्राम तैयार दीवार मार बम और 10 किलोग्राम अधनिर्मित जमीन मार बम मिले। इसके अलावा 60 किलोग्राम पोटाश और गंधक भी बरामद किए गए। जब्त सामग्री का कुल वजन 120 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।














