बलरामपुर, 24 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चलगली से 40 बल्क लीटर हाथभट्टी महुआ शराब और 90 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई शनिवार को वाड्रफनगर आबकारी वृत्त की टीम ने की।
विभाग के अनुसार, ग्राम चलगली निवासी रामजनम काशी (54) के कब्जे से शराब और लाहन बरामद हुआ। मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले की जांच आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक राजवाड़े कर रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक, आरक्षक, महिला नगर सैनिक और वाहन चालक शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कच्ची शराब के अवैध निर्माण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।














