नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।
दिल्ली नगर निगम ने प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए पहली बार मिनी फुटबॉल लीग 2026 शुरू की है। दिल्ली गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें निगम विद्यालयों की 120 से अधिक टीमों के 1,200 से ज्यादा खिलाड़ी अंडर-9 और अंडर-11 आयु वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलो इंडिया दृष्टिकोण और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में यह पहल की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देना तथा उन्हें मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से दूर रखना है।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि प्रत्येक मैच में 15-15 मिनट के दो चरण होंगे और बीच में पांच मिनट का अंतराल रहेगा। इस तरह मुकाबला 35 मिनट का होगा। विजेता टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण क्षेत्र की बालिका टीम ने मध्य क्षेत्र की टीम को हराया। महापौर ने बताया कि अगले वर्ष कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और क्रिकेट को भी लीग में शामिल करने की योजना है। आयोजन में निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय रेलवे वित्त निगम, निविया और अन्य संस्थानों ने सहयोग दिया।














