देहरादून, 24 अक्टूबर।
उत्तराखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और ऊधमसिंह नगर जिले की किच्छा पुलिस ने संयुक्त अभियान में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित झारखंड से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। दोनों को किच्छा थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।
झारखंड से अफीम लाने की बात कबूली
एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के खलीक अहमद और बरेली निवासी जीतेन्द्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अफीम झारखंड से खरीदकर लाने की जानकारी दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की आपूर्ति कहां से की गई थी और तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।














