भोपाल, 24 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 25 अक्टूबर को शहडोल में आयोजित कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के लिए शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना जिले के पात्र संग्राहकों को कुल 22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के शामिल होने की संभावना है।
छह जिलों के संग्राहकों को मिलेगा बोनस
जनसंपर्क अधिकारी केके जोशी ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहडोल से छह जिलों के पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। इससे वन उपज संग्रहण से जुड़े हितग्राहियों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
461.73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शहडोल जिले के कुल 461.73 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
इनमें 379 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत के 89 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, जबकि 82 करोड़ 28 लाख रुपये के 45 कार्यों का लोकार्पण होगा।














