नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।
केंद्र सरकार ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। अब वह 31 अक्टूबर 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे। शनिवार को लिया गया यह निर्णय उनके निर्धारित दो साल के कार्यकाल की समाप्ति से करीब एक सप्ताह पहले आया है। उनका मौजूदा कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को पूरा होना था।
केरल कैडर के 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सिंह ने एक नवंबर 2024 को देश के 40वें रक्षा सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। वह गिरिधर अरमाने के उत्तराधिकारी बने थे। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में सुधारों को आगे बढ़ाने के प्रयासों को उनके कार्यकाल विस्तार का प्रमुख कारण बताया गया है।
डीआरडीओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे
राजेश कुमार सिंह 31 मई 2026 से रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने यह जिम्मेदारी उन्हें समीर वी. कामत का कार्यकाल पूरा होने के बाद सौंपी थी। कामत ने 25 अगस्त 2022 को डीआरडीओ प्रमुख का पद संभाला था। अब तक इस पद पर नियमित नियुक्ति नहीं हुई है।
रक्षा क्षेत्र में सुधारों पर जोर
रक्षा मंत्रालय में आने से पहले सिंह अप्रैल 2023 से अगस्त 2024 तक उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के सचिव रहे। इससे पहले वह पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव थे। केरल सरकार में भी उन्होंने शहरी विकास सचिव और वित्त सचिव सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।
उनके कार्यकाल में रक्षा मंत्रालय और डीआरडीओ में निर्णय प्रक्रिया तेज करने तथा पारंपरिक मिसाइलों के निर्माण में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।














