नई दिल्ली, 26 अक्टूबर।
विदेशी बाजारों से मिले सुस्त संकेतों का असर आज वैश्विक शेयर बाजारों पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। वॉल स्ट्रीट के सूचकांक पिछले सत्र के दौरान भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे, हालांकि डाउ जोन्स फ्यूचर्स फिलहाल मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजारों में भी बिकवाली का दबाव हावी रहा और प्रमुख सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है, जहां कुछ प्रमुख सूचकांक रिकवरी की कोशिश कर रहे हैं तो वहीं कई अन्य सूचकांकों पर गिरावट का दबाव बना हुआ है।
अमेरिकी मंदी के असर से जापान के निक्केई और सिंगापुर के स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स में बिकवाली देखी जा रही है, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स इस दबाव को दरकिनार करते हुए मजबूती दिखा रहा है। भारतीय बाजार के शुरुआती रुझान बताने वाले गिफ्ट निफ्टी में भी अमेरिकी मंदी का असर साफ नजर आ रहा है और यह गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया, जकार्ता और चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में भी कमजोरी का रुख बना हुआ है, जबकि थाईलैंड के बाजार में हल्का सुधार दर्ज किया गया है।














