सूरत, 24 अक्टूबर।
सूरत के नए सिविल अस्पताल के पुराने गहन चिकित्सा कक्ष में शनिवार को बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और उस समय वहां कोई मरीज मौजूद नहीं था।
अस्पताल में फिजियोथेरेपी बाह्य रोगी विभाग के पास स्थित पुराने हॉल में बिजली से जुड़ा काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और आसपास रखी ज्वलनशील सामग्री आग की चपेट में आ गई। उस समय चार से पांच कर्मचारी वहां काम कर रहे थे। आग दिखाई देते ही सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सूरत महानगरपालिका के छह दमकल केंद्रों से करीब नौ दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी और उसे फैलने से रोक लिया।
अस्पताल के प्रभारी निवासी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण टेलिया ने बताया कि आग पुराने खाली हॉल में लगी थी, जहां बिजली संबंधी कार्य किया जा रहा था। वहां कोई मरीज नहीं था और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। समय पर हुई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।














