यमुनानगर, 24 अक्टूबर।
हरियाणा के यमुनानगर जिले में नगांवा जगीर गांव के खेतों में मिले शिव कुमार के शव के मामले में अपराध शाखा की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में मुख्य आरोपित प्रदीप कुमार ने अपने दोस्त किरण पाल के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि 17 अक्टूबर को नगांवा जगीर के खेतों में बुडिया निवासी शिव कुमार का शव मिला था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था, बाद में जांच के दौरान हत्या की धारा जोड़ी गई।
अपराध शाखा के प्रभारी उपनिरीक्षक राज कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यमुना नदी के पास मंडौली गांव के क्षेत्र से दोनों आरोपितों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रदीप ने दावा किया कि उसकी मां सुनीता और शिव कुमार के बीच लंबे समय से संबंध थे। उसने शिव कुमार को कई बार ऐसा करने से रोकने की बात भी कही। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। रिमांड के दौरान घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों को लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।














