हिसार, 24 अक्टूबर।
हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने से शनिवार को कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। हिसार में शाम को काले बादल छाने के बाद वर्षा हुई, वहीं सिरसा के रानियां क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। हांसी में बूंदाबांदी हुई। झज्जर जिले के बिरोहड़, मालियावास, कालियावास और आसपास के गांवों में सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने नौ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 25 और 26 अक्टूबर को मौसम परिवर्तनशील रह सकता है। शनिवार रात हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्व होने की संभावना है। अलग-अलग क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं।
बारिश और हवाओं से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है, हालांकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 26 अक्टूबर के बाद मौसम सामान्यतः खुश्क रहने की उम्मीद है। किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।














