रायपुर, 24 अक्टूबर।
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी आएंगे। इस दौरान राजधानी रायपुर में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। वे 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी। इसके बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दो दिनों तक बैठकों का सिलसिला चलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे कुल 12 महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगी।
पहले दिन संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा
दौरे के पहले दिन 25 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और अन्य प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी।
दिन में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। दोपहर 3:30 बजे पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ चर्चा होगी। इसके बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
पहले दिन की अंतिम और महत्वपूर्ण बैठक शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप के साथ होगी। इसमें सरकार और संगठन के बीच समन्वय, मौजूदा योजनाओं की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
दूसरे दिन विधायकों और मंत्रियों से चर्चा
26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे विधायकों और सांसदों के साथ बैठक होगी। दोपहर 12:30 बजे राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी।
दौरे के दौरान स्मृति ईरानी प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा। इस दौरे को छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।














