भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29, तेजस और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता दिखाई। सूर्यकिरण और सारंग प्रदर्शन टीमों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
100 विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
शनिवार को सुबह 11:40 बजे गंगा के ऊपर विमानों का प्रदर्शन शुरू हुआ। कुल 100 विमानों ने इसमें हिस्सा लिया। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल था। इन विमानों ने देश के 12 वायु अड्डों से उड़ान भरी।
प्रदर्शन में एलसीएच, चिनूक, एएलएच मार्क-III और मार्क-IV, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 जैसे हेलीकॉप्टर शामिल रहे। परिवहन और सहायक विमानों में सी-295, सी-17, सी-130, एईडब्ल्यूएंडसी, आईएल-78, एएन-32 और पी-8आई ने भाग लिया। भारतीय थल सेना के दो एएलएच हेलीकॉप्टरों और भारतीय नौसेना के पी-8आई विमान तथा कामोव-31 हेलीकॉप्टर ने भी प्रदर्शन किया। वायुसेना के गरुड़ विशेष बल की भागीदारी ने आयोजन का सामरिक महत्व बढ़ाया।
विमानों की विशेषताओं और क्षमताओं पर आधारित कमेंट्री के माध्यम से दर्शकों को वायुसेना की कार्यप्रणाली और परिचालन क्षमता की जानकारी भी मिली।
दर्शकों ने बताया गर्व का अनुभव
एयर शो देखने पहुंचीं रश्मि ने कहा कि लड़ाकू विमान से आसमान में दिल की आकृति बनते देखना बेहद रोमांचक था। उन्होंने भारतीय वायुसेना के जवानों के साहस और शौर्य को गर्व का विषय बताया।
भूमिका खन्ना ने कहा कि काशी में पहली बार इस तरह का भव्य एयर शो देखना यादगार अनुभव है। कमेंट्री से विमानों की विशेषताओं को समझने में मदद मिली। वहीं, योगेश्वर ने कहा कि विमानों के करतब देखकर बच्चे बेहद खुश हुए और उन्हें देश की हवाई ताकत को करीब से जानने का अवसर मिला।
देशभक्ति की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
एयर शो के दौरान नमो घाट पर देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। वसंत महिला महाविद्यालय और अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किए। श्रेया तिवारी और आकृति श्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के शौर्य के बीच देशभक्ति की प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व की बात है।
‘विंग्स ओवर गंगा’ का पहला प्रदर्शन 22 अक्टूबर को हुआ था। दूसरा प्रदर्शन 24 अक्टूबर को आयोजित किया गया, जबकि तीसरा और अंतिम प्रदर्शन 25 अक्टूबर को होगा। समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य लोगों के शामिल होने का कार्यक्रम है। राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंच चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी रविवार को पहुंचेंगे।














