हरिद्वार, 26 अक्टूबर।
कनखल कोतवाली क्षेत्र की रविदास बस्ती में कथित अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या के तीन मामलों सहित कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस को 25 अक्टूबर को रविदास बस्ती के निवासी देवनन्द मंडल और आनंद कुमार ने शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित कटारिया दुकानों से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। वह कथित तौर पर तीन हत्याएं करने की बात कहकर लोगों को डराता था।
पुलिस के मुताबिक, छोटे दुकानदारों से वसूली की कई शिकायतें मिली थीं। आरोप है कि वह सब्जी, दूध और राशन बेचने वालों से सामान लेकर भुगतान नहीं करता था। पैसे मांगने पर उन्हें धमकाता था। इसके अलावा ई-रिक्शा और टेंपो चालकों, फड़-ठेली संचालकों तथा स्टैंड वालों से शराब पीने के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप है।
पुलिस ने बताया कि अमित को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसके खिलाफ फिर से वसूली की शिकायतें मिलीं, जिसके बाद दो मामले दर्ज किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने 26 अक्टूबर को उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, रविदास बस्ती निवासी हुकम चंद के पुत्र अमित कटारिया के खिलाफ हत्या के तीन, गैंगस्टर का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़खानी के दो, मादक पदार्थों से जुड़ा एक और अवैध हथियार के चार मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गुंडा अधिनियम के दो, शराब तस्करी के दो तथा मारपीट और धारा 110 जी से जुड़े चार मामले हैं। इस तरह उसके खिलाफ कुल 22 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।














