Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
अमेरिका/यूरोप
26 Oct, 2026

सर्बिया चुनाव में वुचिच को छात्र आंदोलन की चुनौती, भ्रष्टाचार विरोधी लहर के बीच कड़ा मुकाबला

सर्बिया में संसदीय चुनाव के दौरान लंबे समय से सत्ता में प्रभाव रखने वाले अलेक्जेंडर वुचिच और भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद छात्र आंदोलन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

सर्बिया, 26 अक्टूबर।

सर्बिया में रविवार को संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। इस चुनाव में एक दशक से अधिक समय से देश की राजनीति में प्रभाव रखने वाले लोकप्रिय नेता अलेक्जेंडर वुचिच के सामने भ्रष्टाचार विरोधी छात्र आंदोलन की चुनौती है। छात्र आंदोलन का उद्देश्य मौजूदा सत्ता को हटाकर शासन व्यवस्था में बदलाव लाना है।

सितंबर में वुचिच ने मध्यावधि चुनाव कराने की घोषणा की थी। यह चुनाव करीब दो वर्षों से जारी छात्र प्रदर्शनों के बीच हो रहा है। प्रदर्शनकारी सरकार पर भ्रष्टाचार और आम लोगों के बजाय सत्ताधारी वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते रहे हैं।

इस आंदोलन की शुरुआत नवंबर 2024 में नोवी साद शहर के रेलवे स्टेशन की छतरी ढहने और 16 लोगों की मौत के बाद हुई थी। घटना के बाद सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे और धीरे-धीरे छात्रों के आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिलने लगा।

वुचिच ने सितंबर में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देकर दोबारा प्रधानमंत्री बनने के लिए चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। उनके समर्थक उन्हें आर्थिक विकास और देश के आधुनिकीकरण का श्रेय देते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने पेंशन और सरकारी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश तथा युवा दंपतियों को आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।

विदेश नीति के मोर्चे पर वुचिच ने चीन और रूस के साथ संबंध मजबूत बनाए रखने के साथ यूरोपीय संघ में शामिल होने का विकल्प भी खुला रखा है। हालांकि, न्यायपालिका में सुधार, कानून के शासन और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई की कमी को लेकर यूरोपीय संघ के साथ सर्बिया के संबंधों में तनाव बढ़ा है।

छात्र आंदोलन की सूची में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कलाकार और किसान समेत 250 उम्मीदवार शामिल हैं। हृदय रोग विशेषज्ञ इलिया सर्दानोविच इसके प्रमुख चेहरों में हैं। आंदोलन का मुख्य जोर भ्रष्टाचार समाप्त करने, शिक्षा व्यवस्था सुधारने, कानून का शासन बहाल करने और संस्थानों को मजबूत बनाने पर है।

बेलग्रेड विश्वविद्यालय के दर्शन एवं सामाजिक सिद्धांत संस्थान की वरिष्ठ शोध सहयोगी येलेना वासिल्येविच के अनुसार, इस आंदोलन ने देश की राजनीति को जमीनी स्तर से प्रभावित किया है। युवा, जिन्हें लंबे समय तक राजनीति से दूर माना जाता था, अब दशकों के सबसे बड़े सामाजिक आंदोलनों में से एक का प्रमुख हिस्सा बन गए हैं।

चुनाव में मतदान प्रतिशत को निर्णायक माना जा रहा है। वुचिच की सर्बियाई प्रगतिशील पार्टी के पास प्रतिबद्ध मतदाताओं का मजबूत आधार है। छात्र आंदोलन के सामने विपक्षी मतदाताओं को एकजुट करने के साथ उन लोगों को मतदान केंद्रों तक लाने की चुनौती है, जो आमतौर पर वोट नहीं देते या अभी अपना निर्णय नहीं कर पाए हैं।

चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में कड़ा मुकाबला दिखाई दे रहा है। गुरुवार को प्रकाशित एक सर्वेक्षण में सर्बियाई प्रगतिशील पार्टी को 47 प्रतिशत और छात्र आंदोलन को 40 प्रतिशत मत मिलने का अनुमान जताया गया। हालांकि, अन्य सर्वेक्षणों में छात्र आंदोलन को बढ़त मिलने की संभावना भी व्यक्त की गई है।

रेलवे स्टेशन की घटना के बाद से मानवाधिकार संगठनों और कार्यकर्ताओं ने दमन बढ़ने का आरोप लगाया है। गुरुवार को बेलग्रेड के मध्य क्षेत्र में छात्र आंदोलन के करीब डेढ़ लाख समर्थक जुटे थे। वुचिच और उनकी पार्टी ने दमन, भ्रष्टाचार तथा विरोधियों की जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। वुचिच ने आंदोलन को क्रोएशिया और मोंटेनेग्रो के विदेशी एजेंटों से वित्तीय मदद मिलने का आरोप लगाया है, जिसे छात्रों ने नकार दिया है।

मतदान केंद्र सुबह सात बजे खुले और रात आठ बजे बंद होंगे। मतदान समाप्त होने के करीब दो घंटे बाद शुरुआती नतीजों के संकेत मिलने की उम्मीद है।

|
वीडियो फीचर

एशियन पैरा गेम्स 2026 में निरंजन मुकुंदन ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया गौरव


एशियन पैरा गेम्स में भारत का डबल धमाका, प्रवीण को गोल्ड तो बंटी को सिल्वर

बरगलाने वालों, देश का युवा जागरूक है! 🇮🇳 | कांग्रेस और CJP पर सवाल

एम्स भोपाल की 2 युवा शोधकर्ता स्पेन में करेंगी भारत का नाम रोशन, कुष्ठ रोग पर पेश करेंगी शोध

मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम: तनावमुक्त जीवन का संदेश | मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी

मंत्री प्रहलाद पटेल और राधा सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश #mpnews

आज का राशिफल

मित्तव्ययता रखें क्योंकि रुपये-पैसों की सुविधा आगे मिले न मिले। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। संतोष रखने से सफलता मिलेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बना रहेगा। बचते-बचते कलह विवाद का डर बना रहेगा। शुभांक-4-5-7

आज का मौसम

भोपाल

17° / 33°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़