शिमला, 26 अक्टूबर।
शिमला के पड़ेची क्षेत्र में पुलिस ने एक आवासीय कमरे की तलाशी के दौरान करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। नशीले पदार्थ को लकड़ी की अलमारी में छिपाकर रखा गया था। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम सदर थाना क्षेत्र के पड़ेची में एक कमरे की नियमानुसार तलाशी ली गई। इस दौरान लकड़ी की अलमारी के ऊपरी खाने में रखे दो डिब्बों के पीछे पारदर्शी प्लास्टिक की थैली मिली। इसकी जांच करने पर उसमें करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
मामले में गिरफ्तार आरोपित की पहचान अभिषेक ठाकुर पुत्र ध्यान सिंह ठाकुर, निवासी पड़ेची, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने सदर थाना शिमला में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस बरामद नशीले पदार्थ से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।














